कबीरधाम जिले में उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने 2 करोड़ की लागत के सड़क निर्माण का किया भूमिपूजन
उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने आज कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा विकासखंड के अंतर्गत ग्राम अमलीडीह से कामनबोड़ तक 2 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 1.40 किलोमीटर लंबी सड़क एवं पुल-पुलिया निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया. उन्होंने बताया कि इस सड़क का निर्माण स्थानीय निवासियों की मुख्य मांग थी, जिसके पूरा होने से ग्रामीणों को आने-जाने में बेहतर सुविधा मिलेगी. इस दौरान उन्होंने शीतला माता मंदिर में भवन निर्माण हेतु 6.50 लाख रुपये की घोषणा कर ग्रामीणों को एक और उपहार दिया.
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने निर्माण एजेंसी और ठेकेदार को कड़े निर्देश दिए कि सड़क और पुल-पुलिया सहित सभी स्वीकृत कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुसार उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को इसका दीर्घकालिक लाभ मिल सके. उन्होंने स्पष्ट किया कि ये परियोजनाएं जनसुविधा के लिए हैं, इसलिए निर्माण कार्यों में लापरवाही या गुणवत्ता से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए सड़क, आवास, बिजली, सिंचाई और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं के कार्यों को प्राथमिकता दे रही है. सरकार के गठन के बाद प्रदेश में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों को मंजूरी देकर निर्माण कार्य में तेजी लाई गई है, जिससे हजारों गरीब परिवारों का पक्का घर पाने का सपना पूरा हो रहा है.
उप मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि अमलीडीह समेत कुरुवा पंचायत के अन्य आश्रित गांवों में पिछले दो वर्षों में 255 प्रधानमंत्री आवासों को स्वीकृति मिली है. इससे जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक निवास मिल सकेगा. उन्होंने कहा कि आवासों के साथ-साथ गांवों में मूलभूत सुविधाओं का भी तेजी से विस्तार किया जा रहा है ताकि ग्रामीणों का जीवन स्तर सुधरे.
बिजली व्यवस्था में सुधार का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों में निरंतर विद्युत आपूर्ति के लिए फीडर सेपरेशन का व्यापक अभियान चलाया गया है. पहले एक फीडर से 8 से 9 गांव जुड़े होने के कारण किसी एक गांव में खराबी आने पर कई गांवों की बिजली बाधित होती थी. अब इसे घटाकर प्रति फीडर 4 गांव कर दिया गया है, जिससे तकनीकी खराबी का जल्द समाधान और बिजली की शीघ्र बहाली संभव हो सकेगी.
इस कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरिता संतोष मिश्रा, जनपद अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा पटेल, जनपद उपाध्यक्ष श्री अशोक पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.
