July 24, 2026

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज कर्नाटक के सत्य साई ग्राम मुद्देनहल्ली का दौरा

1784908652_e264af2e8d0576239ed1

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज कर्नाटक के सत्य साई ग्राम, मुद्देनहल्ली का भ्रमण किया और शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण एवं मानवीय मूल्यों पर केंद्रित समग्र सेवा मॉडल का निरीक्षण किया. उन्होंने वन वर्ल्ड वन फैमिली मिशन के संस्थापक सद्गुरु श्री मधुसूदन साई से मुलाकात की और छत्तीसगढ़ में जनकल्याणकारी सेवाओं, विशेष रूप से निःशुल्क स्वास्थ्य सेवा, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और मूल्य आधारित शिक्षा के विस्तार हेतु सहयोग की संभावनाओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया.

मुख्यमंत्री श्री साय ने उल्लेख किया कि विकसित छत्तीसगढ़ का मूल आधार मात्र आर्थिक प्रगति नहीं, अपितु एक स्वस्थ, शिक्षित और संस्कारित समाज है. राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण को सुशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता मानते हुए अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित करने हेतु निरंतर प्रयासरत है. उन्होंने कहा कि समाजसेवी संस्थाओं के अनुभव, नवाचार और सेवा भाव से जनसेवा के प्रयासों को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है. मुख्यमंत्री ने श्री सत्य साई संजीवनी अस्पताल, रायपुर द्वारा पूर्णतः निःशुल्क बाल हृदय शल्य चिकित्सा (पीडियाट्रिक कार्डियक सर्जरी) के माध्यम से हजारों बच्चों को जीवनदान देने के कार्य की विशेष सराहना की. उन्होंने इसे मानवता एवं सेवा का श्रेष्ठ उदाहरण बताते हुए अस्पताल के विस्तार, मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल की स्थापना तथा भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं के व्यापक विस्तार की संभावनाओं पर चर्चा की.

मुख्यमंत्री श्री साय मूल्य आधारित शिक्षा पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के समापन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। इस सम्मेलन में विश्व के लगभग 25 देशों से आए 100 से अधिक शिक्षकों एवं शिक्षाविदों ने सहभागिता की. मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक शिक्षा केवल ज्ञान प्राप्ति का साधन नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, सेवा, करुणा, नैतिकता और सामाजिक उत्तरदायित्व का आधार भी होनी चाहिए। मूल्य आधारित शिक्षा ही संवेदनशील नागरिकों और एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण करती है.
.

Share with