अमेरिका में एक बार फिर डिजिटल नेटवर्क ठप: एयर ट्रैफिक के बाद अब बैंक और यूनाइटेड एयरलाइंस का नेटवर्क भी धड़ाम!
अमेरिका के डिजिटल और बुनियादी ढांचे (Infrastructure) पर लगातार संकट के बादल मंडरा रहे हैं। हाल ही में हुए माइक्रोसॉफ्ट आउटेज और शुक्रवार को हवाई यातायात में आई रुकावट के बाद, अब सोमवार को देश की बैंकिंग और विमानन सेवाओं में बड़ी तकनीकी गड़बड़ी देखने को मिली है।
सोमवार को अमेरिका के कई बड़े बैंकों की ऑनलाइन सेवाएं अचानक ठप पड़ गईं, जिससे बैंक ऑफ अमेरिका (Bank of America), चेज (Chase), जेपी मॉर्गन (JPMorgan), वेल्स फार्गो (Wells Fargo) और ज़ेल (Zelle) के ग्राहकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। लोग अपने रोजमर्रा के लेन-देन और ऑनलाइन बैंकिंग सुविधाओं के लिए जूझते नजर आए।
सिर्फ बैंकिंग सेक्टर ही नहीं, बल्कि विमानन क्षेत्र में भी मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। फेडरल एविएशन प्रशासन (FAA) के एयर ट्रैफिक कंट्रोल नेटवर्क में शुक्रवार को आई तकनीकी खराबी के कारण हजारों उड़ानें प्रभावित हुई थीं, और अब सोमवार को यूनाइटेड एयरलाइंस (United Airlines) का नेटवर्क भी ठप पड़ने से यात्रियों की चिंताएं और बढ़ गईं। हालांकि, राहत की बात यह रही कि कुछ ही घंटों के भीतर एयरलाइंस के सिस्टम को सुधार लिया गया, लेकिन बार-बार आ रही इन तकनीकी गड़बड़ियों ने देश की डिजिटल सुरक्षा और व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
