बिलासपुर में SECL के रिटायर्ड कर्मी का मोबाइल हैक कर 1.39 लाख की चपत, फ्लिपकार्ट पर की ताबड़तोड़ खरीदारी
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में साइबर ठगों के हौसले किस हद तक बुलंद हैं, इसकी एक बानगी हाल ही में सामने आई है। सरकंडा थाना क्षेत्र के राजकिशोर नगर इलाके में शातिर ठगों ने साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के एक सेवानिवृत्त कर्मचारी को अपना शिकार बनाते हुए उनके बैंक खाते और क्रेडिट कार्ड से कुल 1.39 लाख रुपये उड़ा लिए।
हैरानी की बात यह है कि ठगों ने बेहद शातिर तरीके से पहले पीड़ित के फोन को अपने कब्जे में लिया, फिर उनके बचत खाते से पैसे निकालकर क्रेडिट कार्ड में ट्रांसफर किए और इसके बाद फ्लिपकार्ट के जरिए महंगे सामानों की ऑनलाइन खरीदारी कर डाली।
ऐसे हुआ खेल, काम करना बंद कर दिया फोन
मामले के मुताबिक, राजकिशोर नगर के कल्याण बाग में रहने वाले 66 वर्षीय भक्तिमय चौधरी (जो SECL से सेवानिवृत्त हैं) ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि 12 अक्टूबर की दोपहर करीब 3 बजे उनका मोबाइल अचानक पूरी तरह हैंग हो गया और काम करना बंद कर गया। जब तक वह कुछ समझ पाते, तब तक ठग अपना खेल खेल चुके थे।
शाम करीब 6 बजे जब उन्होंने अपने बैंक का मोबाइल ऐप चेक किया, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। बैंक खाते से दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए क्रमशः 65,000 रुपये और 73,000 रुपये निकाल लिए गए थे। अचानक हुई इस बड़ी ठगी से पीड़ित परिवार में हड़कंप मच गया।
साइबर सेल की जांच में हुआ सनसनीखेज खुलासा
घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने उसी रात राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई। अगले दिन जब वह बैंक और तारबाहर स्थित साइबर क्राइम ब्रांच पहुंचे और अपना बैंक स्टेटमेंट निकलवाया, तो तकनीकी जांच में एक चौकाने वाला सच सामने आया।
साइबर सेल की रिपोर्ट के मुताबिक, ठगों ने बचत खाते से निकाली गई रकम को पहले पीड़ित के ही क्रेडिट कार्ड में जमा किया। इसके बाद उस क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करके 40,918 रुपये, 65,000 रुपये और 32,000 रुपये के तीन बड़े ट्रांजेक्शन किए गए, जिसके जरिए फ्लिपकार्ट इंटरनेट प्राइवेट लिमिटेड को भुगतान किया गया।
