कर्मचारियों, परिवारों और निवासियों की सुरक्षा सर्वोपरि; एनएमडीसी ने निर्माणाधीन गेट को क्षति पहुँचाने की घटना पर जताई चिंता
बचेली, 27 अक्टूबर, 2026: एनएमडीसी लिमिटेड बचेली स्थित एनएमडीसी टाउनशिप में अपने कर्मचारियों, उनके परिवारों तथा निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराता है। रात्रिकालीन समय में अनधिकृत आवागमन तथा चोरी की कथित घटनाओं के संबंध में प्राप्त चिंताओं को ध्यान में रखते हुए, टाउनशिप परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर गेट लगाने का कार्य प्रारंभ किया गया था।
इन गेटों की स्थापना का उद्देश्य टाउनशिप की सुरक्षा बढ़ाना, सरकारी एवं कंपनी की संपत्ति, मशीनरी और अवसंरचना की सुरक्षा करना तथा रात्रिकालीन समय में अनधिकृत आवागमन को नियंत्रित करना है। प्रस्तावित व्यवस्था के अंतर्गत रात्रि के समय गेट बंद रखने का प्रावधान है, जबकि टाउनशिप के निवासियों एवं अन्य अधिकृत व्यक्तियों, जिनमें मरीज, स्कूली बच्चे, अभिभावक तथा रेलयात्री शामिल हैं, की आवाजाही सुगम बनाए रखने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जानी है। इन उपायों के संबंध में नगर पालिका अध्यक्ष एवं अन्य अधिकारियों के साथ चर्चा भी की गई थी।
दिनांक 27 अक्टूबर, 2026 को प्रातः लगभग 11:15 बजे, कथित तौर पर नगर पालिका के अधिकारियों के साथ आए कुछ अन्य व्यक्तियों द्वारा डीएवी पब्लिक स्कूल के समीप निर्माणाधीन गेट को जेसीबी मशीन की सहायता से क्षतिग्रस्त कर हटाया गया। इस घटना से एनएमडीसी की संपत्ति को क्षति पहुँची तथा सुरक्षा संबंधी कार्य प्रभावित हुआ।
एनएमडीसी इस घटना पर गंभीर चिंता व्यक्त करता है। सुरक्षा संबंधी ये उपाय कंपनी के कर्मचारियों, उनके परिवारों, विद्यालय के शिक्षकों, चिकित्सकों तथा अन्य हितधारकों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के साथ-साथ कंपनी की मशीनरी एवं परिसंपत्तियों की सुरक्षा के उद्देश्य से किए जा रहे हैं।
एनएमडीसी का मानना है कि प्रस्तावित व्यवस्था के संबंध में किसी भी प्रकार की चिंता अथवा आपत्ति होने पर उचित चर्चा एवं समाधान के लिए एनएमडीसी प्रबंधन के समक्ष विषय प्रस्तुत किया जाना चाहिए था, क्योंकि प्रस्तावित सुरक्षा उपाय एनएमडीसी के स्वामित्व वाले क्षेत्र से संबंधित हैं।
एनएमडीसी स्थानीय प्रशासन एवं अन्य हितधारकों के साथ रचनात्मक समन्वय बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही, कंपनी अपनी संपत्ति, मशीनरी तथा टाउनशिप के निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक एवं विधिसम्मत उपाय जारी रखेगी।
एनएमडीसी – सुरक्षा, संरक्षा एवं उत्तरदायी संचालन के प्रति प्रतिबद्ध।
