——

FIFA World Cup 2026: कांगो के आगे खिसियाया पुर्तगाल, रोनाल्डो की शुरुआत हुई बेहद निराशाजनक

0
56464

फीफा विश्व कप 2026 में पुर्तगाल की शुरुआत निराशाजनक रही, जहां उन्हें डीआर कांगो के खिलाफ ग्रुप के सबसे आसान माने जाने वाले मैच में संघर्ष करना पड़ा।

डिजिटल डेस्क, जागरण दिल्ली। Portugal vs DR Congo Highlights: क्रिस्टियानो रोनाल्डो की पुर्तगाल के लिए फीफा विश्व कप 2026 की शुरुआत बेहद निराशाजनक हुई। ग्रुप के सबसे आसान बताए गए मैच में ही पुर्तगाल की तथाकथित महाशक्ति वाली टीम चारों खाने चित रही। 52 साल बाद फीफा विश्व कप में लौटी कांगो डीआर के खिलाड़ियों ने बहुत शानदार रक्षात्मक खेल दिखाते हुए पुर्तगाल को पूरे मैच में सिर्फ एक गोल करने दिया।

पुर्तगाल ने इस मैच में दूसरे गोल की तलाश में बहुत हाथ-पैर मारे लेकिन सफल नहीं रहे। पुर्तगाल ने मैच में 75 प्रतिशत वक्त तक गेंद अपने कब्जे में रखी लेकिन शाट मारने के वक्त वो कांगो से भी पीछे रह गए।

Ronaldo ने किया निराश

इस मैच में कांगो ने पुर्तगाल से ज्यादा शॉट मारे और गोल करने के ज्यादा करीब भी रहे। मैच में सबसे ज्यादा निराश स्टार अटैकर रोनाल्डो ने किया, पुर्तगाल के खिलाड़ियों ने कई बार अच्छे मौके बनाए लेकिन स्ट्राइकर के रूप में खेल रहे रोनाल्डो एक भी मौके पर गेंद को गोल में नहीं डाल पाए। इससे पहले पुर्तगाल ने मैच में बहुत तेज शुरुआत की। मैच के छठे ही मिनट में जोआओ नेवेस ने हेडर के जरिए बहुत शानदार गोल मारा।

लग रहा था कि बाकी बड़ी टीमों की तरह पुर्तगाल भी कांगो को धो डालेगी, लेकिन इस गोल के बाद कांगो ने इन्हें दूसरा मौका नहीं दिया। पुर्तगाल दूसरा गोल खोजती ही रही और पहले हॉफ के अतिरिक्त समय में कांगो के लिए योआने विस्सा ने जबरदस्त हेडर के जरिए स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।

योआने विस्सा की तारीफ

45+5वें मिनट में आए इस गोल के लिए विस्सा की तारीफ के साथ पुर्तगाल के खराब रक्षण की आलोचना भी करनी होगी। मैदान पर मौजूद कद में सबसे छोटे खिलाड़ियों में से एक विस्सा के आगे-पीछे पुर्तगाल का कोई रक्षक था ही नहीं, कार्नर पर पुर्तगाल की पूरी रक्षापंक्ति ने उन्हें अकेला छोड़ा दिया।

अंत में पुर्तगाल की टीम तमाम कोशिशों के बावजूद मैच का दूसरा गोल नहीं कर पाई। इस जीत के साथ ही कांगो ने कुछ वक्त के लिए ही सही, लेकिन पुर्तगाल और कोलंबिया की मौजूदगी वाले ग्रुप के शीर्ष स्थान पर कब्जा कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *