अक्षय खन्ना और भूमि शेट्टी की फिल्म ‘महाकाली’ का टीजर रिलीज
अक्षय खन्ना की फिल्म ‘महाकाली’ का खौफनाक टीजर रिलीज हो गया है। ‘धुरंधर’ की रिलीज के बाद से ही अक्षय खन्ना को बड़े पर्दे पर असुरों के महागुरु शुक्राचार्य के अवतार में देखने के लिए फैंस उत्साहित हैं। कहना होगा कि 2 मिनट 53 सेकेंड के इस टीजर में अक्षय खन्ना ने मजमा लूट लिया है। ‘हनु-मैन’ फेम प्रशांत वर्मा सिनेमैटिक यूनिवर्स की अगली फिल्म ‘महाकाली’ में वह शुक्राचार्य के रोल में जबरदस्त लग रहे हैं। इस पहली झलक में जहां वह भगवान विष्णु पर असुरों को धोखा देने का आरोप लगाते हैं, वहीं ऐलान करते हैं कि अगले 14 दिनों में मानवजाति का सर्वनाश होगा और असुरों का विजयघोष गूंजेगा। पूरे टीजर में जहां अक्षय खन्ना छाए हुए हैं, वहीं आखिरी कुछ सेकेंड में भूमि शेट्टी का ‘महाकाली’ अवतार रोंगटे खड़े कर देने वाला है।
