दिल्ली के कालकाजी में 17 साल की किशोरी से गैंगरेप
नई दिल्ली: दिल्ली के कालकाजी मंदिर परिसर के पास स्थित आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना सोमवार शाम की है, जब पीड़िता अपने दोस्त के साथ दर्शन करने के बाद पार्क में बैठी थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मंगलवार सुबह एक आरोपी को शॉर्ट एनकाउंटर के बाद दबोच लिया, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
फर्जी पुलिसकर्मी बनकर आए आरोपियों ने दिया वारदात को अंजाम पीड़िता द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, वह सोमवार शाम लगभग 7:00 बजे अपने 17 वर्षीय दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर गई थी। दर्शन के बाद दोनों करीब 7:30 बजे आस्था कुंज पार्क पहुंचे। इसी दौरान 25 से 30 वर्ष की आयु के तीन युवकों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर उन्हें डराया-धमकाया। आरोपियों ने पीड़िता के दोस्त को जबरन पकड़कर बंधक बना लिया और किशोरी के साथ यौन उत्पीड़न किया।
पीसीआर कॉल के बाद हरकत में आई पुलिस, एनकाउंटर में एक गिरफ्तार दिल्ली पुलिस को रात करीब 8:45 बजे पीसीआर कॉल के जरिए घटना की सूचना मिली। मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस ने मंगलवार तड़के कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घटनास्थल से एक मोटरसाइकिल और पिस्टल भी बरामद हुई है। पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी है। मामले में पोक्सो (POCSO) अधिनियम समेत विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
सितंबर महीने में नाबालिगों से अपराध का तीसरा मामला राजधानी में इस महीने नाबालिगों के खिलाफ यौन अपराध की यह तीसरी बड़ी घटना है:
-
12 सितंबर: स्वरूप नगर में 14 साल की बच्ची की गैंगरेप के बाद हत्या कर दी गई थी।
-
16 सितंबर: सदर बाजार इलाके में 10 साल की मासूम से दुष्कर्म किया गया था।
-
22 सितंबर: कालकाजी के आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय नाबालिग से गैंगरेप।
एनसीआरबी (NCRB) के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2024 में दिल्ली में पोक्सो एक्ट के तहत कुल 1,553 मामले दर्ज किए गए थे, यानी रोजाना औसतन 4 से अधिक मामले सामने आए।
