November 25, 2026

जशपुर के विकास को मिलेगी नई रफ्तार: पीएम जनमन योजना के तहत 16.03 करोड़ की लागत से बनेंगे पांच बड़े पुल

images (7)

रायपुर, 25 नवंबर 2026

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के दूरस्थ और जनजातीय बहुल इलाकों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और सड़क संपर्क का विस्तार करने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है। इसी पहल के तहत प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) के अंतर्गत जशपुर जिले को पांच बड़े पुलों की महत्वपूर्ण सौगात मिली है। राज्य शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने इन पुलों के निर्माण के लिए कुल 16 करोड़ 3 लाख 34 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर दी है।

भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा 6 नवंबर 2026 को जारी पत्र के अनुसार, पीएम जनमन योजना (वर्ष 2026-27, बैच-I) के तहत छत्तीसगढ़ में कुल 167 पुलों के निर्माण को मंजूरी दी गई है। इनमें जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड के पांच वृहद पुल शामिल हैं। इन पुलों के बन जाने से दूरदराज के जनजातीय इलाकों में आवाजाही बेहद सुगम हो जाएगी और ग्रामीण बसाहटें सीधे मुख्य मार्गों से जुड़ सकेंगी।

बगीचा विकासखंड में बनेंगे 290 मीटर कुल लंबाई के पांच पुल

इस परियोजना के तहत बगीचा विकासखंड के विभिन्न नालों पर कुल 290 मीटर लंबे पांच पुल तैयार किए जाएंगे। स्वीकृत कार्यों का विवरण इस प्रकार है:

  • कमरीमा मंझाटोली से खपरीडीह मार्ग: नाले पर 60 मीटर लंबे पुल के लिए 4 करोड़ 4 लाख 19 हजार रुपये।

  • डंगरी से दरावाकोना मार्ग: नाले पर 60 मीटर लंबे पुल के निर्माण के लिए 3 करोड़ 56 लाख 23 हजार रुपये।

  • बगीचा-कांसाबेल मार्ग से जनकपुर पहुंच मार्ग: नाले पर 80 मीटर लंबे पुल के लिए 3 करोड़ 52 लाख 67 हजार रुपये।

  • कुहापानी से बांसधार मार्ग: नाले पर 60 मीटर लंबे पुल के लिए 3 करोड़ 7 लाख 4 हजार रुपये।

  • जबला से नवापारा मार्ग: नाले पर 30 मीटर लंबे पुल के निर्माण के लिए 1 करोड़ 83 लाख 21 हजार रुपये।

बारहमासी संपर्क से बदलेगी ग्रामीण क्षेत्रों की तस्वीर

इन पांचों पुलों के निर्माण से ग्रामीणों को बरसात के दिनों में उफनते नालों के कारण होने वाली आवागमन की समस्या से हमेशा के लिए मुक्ति मिल जाएगी। बारहमासी सड़क सुविधा उपलब्ध होने से किसानों के लिए अपनी फसल को बाजार तक ले जाना आसान होगा, विद्यार्थियों की स्कूल-कॉलेज तक पहुंच सुगम होगी और मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सकेगा।

इसके अलावा, बेहतर संपर्क व्यवस्था से स्थानीय व्यापार, रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी पैदा होंगे। दूरस्थ जनजातीय बसाहटों तक सरकारी योजनाओं और जरूरी सेवाओं का लाभ अब और अधिक आसानी से पहुंच सकेगा, जिससे पूरे क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। विभाग के अनुसार, तकनीकी स्वीकृति मिलते ही निर्धारित बजट के भीतर इन सभी पुलों का निर्माण कार्य नियमानुसार शुरू कर दिया जाएगा।

Share with