बिलासपुर में 17 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध मौत: मां ने लगाया मारपीट कर हत्या का आरोप, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार.
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सकरी थाना क्षेत्र में 17 साल की लड़की की संदिग्ध हालात में मौत होने से सनसनी फैल गई है. मृतका की मां ने मोहल्ले के युवक दुर्गेश सूर्यवंशी पर अपनी बेटी के साथ मारपीट कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है. मां का कहना है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या है, जिसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की जा रही है.
घुरु निवासी मीना डहरिया दैनिक मजदूरी करके अपने परिवार का गुजारा करती हैं. उनकी 17 वर्षीय बेटी आरुषि एक घर में बच्चों की देखभाल का काम करती थी. मीना के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 8 बजे आरुषि हमेशा की तरह अपने काम पर जाने के लिए घर से निकली थी और वह खुद भी काम पर चली गईं.
दोपहर के समय पड़ोस में रहने वाले युवक दुर्गेश सूर्यवंशी ने आरुषि को मैसेज भेजकर मिलने बुलाया. चूंकि दोनों एक-दूसरे को जानते थे, इसलिए आरुषि उससे मिलने चली गई. कुछ देर बाद आरुषि ने अपनी मां को फोन किया, लेकिन काम में व्यस्त होने के कारण मीना कॉल नहीं उठा सकीं. काम खत्म होने के बाद जब मां ने दोबारा फोन किया, तो आरुषि रोते हुए बताने लगी कि दुर्गेश उसके साथ बेरहमी से मारपीट कर रहा है. घबराहट के कारण वह अपनी सही जगह नहीं बता सकी. मीना को लगा कि आपसी विवाद जल्द ही शांत हो जाएगा, इसलिए वह फिर अपने काम में जुट गईं.
मीना ने बताया कि शाम करीब 6 बजे दुर्गेश ने फोन कर जानकारी दी कि आरुषि को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. थोड़ी ही देर बाद उसने दोबारा कॉल किया और बताया कि आरुषि ने फांसी लगा ली है और उसे सिम्स (CIMS) ले जाया गया है. इसके बाद रात करीब 8 बजे सिम्स पुलिस चौकी से सूचना मिली कि आरुषि की मौत हो गई है.
बेटी का शव देखने के बाद मीना ने दुर्गेश पर हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि आरुषि के पैर सहित शरीर के कई हिस्सों पर चोट के निशान मौजूद हैं. उनका दृढ़ विश्वास है कि उनकी बेटी आत्महत्या नहीं कर सकती और दुर्गेश ने पीट-पीटकर उसकी जान ली है. उन्होंने पुलिस से आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की है.
सकरी थाना प्रभारी संजय शिंदे ने बताया कि मामले में परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं, जिन्होंने युवक पर मारपीट और हत्या के आरोप लगाए हैं. शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा. पुलिस ने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
