बस्तर में बाढ़ आपदा के बीच एनएमडीसी का त्वरित राहत अभियान
छत्तीसगढ़ सरकार को राहत एवं बचाव कार्यों के लिए 4 स्पीड बोट उपलब्ध कराईं
पुणे से प्राथमिकता के आधार पर मंगाई गईं रेस्क्यू स्पीड बोट | अनुरोध प्राप्त होने के 48 घंटे के भीतर जिला प्रशासन को सौंपी गईं
दंतेवाड़ा: बस्तर संभाग एवं छत्तीसगढ़ के आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए एनएमडीसी लिमिटेड ने त्वरित पहल करते हुए छत्तीसगढ़ शासन को राहत, बचाव एवं आपातकालीन कार्यों के लिए चार स्पीड बोट उपलब्ध कराई हैं। यह पहल एनएमडीसी स्टील लिमिटेड द्वारा पूर्व में उपलब्ध कराई गई रेस्क्यू बोट के अतिरिक्त है।

एनएमडीसी द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में खाद्य सामग्री एवं अन्य आवश्यक राहत सामग्री के वितरण का कार्य भी तेजी से प्रारंभ किया गया है। कंपनी ने आपदा की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन के साथ समन्वय कर राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग बढ़ाया है।
48 घंटे में जुटाए गए आवश्यक संसाधन
राज्य सरकार से आपात आवश्यकता संबंधी अनुरोध प्राप्त होते ही एनएमडीसी ने तत्काल संसाधन जुटाए और पुणे से प्राथमिकता के आधार पर चार स्पीड बोट की व्यवस्था की। प्रत्येक बोट में लगभग 8 से 10 लोगों के बैठने की क्षमता है। इन्हें आपातकालीन बचाव एवं निकासी कार्यों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उपलब्ध कराया गया है।
चारों स्पीड बोट 30 सितंबर 2026 को नगरनार पंचायत भवन में आयोजित कार्यक्रम में बस्तर कलेक्टर श्री आकाश छिकारा को सौंपी गईं।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव को मिलेगी गति
इन स्पीड बोट का उपयोग नगरनार, भेजापदर, करनपुर और उपनपाल सहित अन्य प्रभावित ग्राम पंचायतों में किया जाएगा। इनके माध्यम से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से लोगों के सुरक्षित बचाव एवं निकासी, आवश्यक राहत सामग्री के परिवहन तथा अन्य आपातकालीन कार्यों में स्थानीय प्रशासन को सहयोग मिलेगा।
सांसद महेश कश्यप ने एनएमडीसी के त्वरित सहयोग को सराहा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप ने कहा कि एनएमडीसी के सहयोग से राहत शिविरों में आवश्यक सामग्री का वितरण किया जा रहा है। बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रभावित गांवों में अतिरिक्त नावों की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इस संबंध में एनएमडीसी प्रबंधन से चर्चा की गई, जिसके बाद प्रबंधन ने तत्काल पुणे से चार मोटर बोट मंगाकर जिला प्रशासन को उपलब्ध कराईं।
उन्होंने एनएमडीसी के इस त्वरित सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ उचित मुआवजे के लिए भी जिला प्रशासन से चर्चा की जा रही है।
जिला प्रशासन के साथ समन्वय से राहत कार्यों को मजबूती
बस्तर कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने कहा कि प्रशासन जनजीवन को जल्द से जल्द सामान्य करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इस कठिन परिस्थिति में समाज के सभी वर्गों का सहयोग मिल रहा है। एनएमडीसी हमेशा से स्थानीय लोगों की सहायता के लिए तत्पर रही है और उन्हें विश्वास है कि कंपनी आगे भी इसी तरह सहयोग करती रहेगी।
नगरनार स्टील प्लांट के अधिशासी निदेशक श्री प्रमोद कुमार ने बस्तर क्षेत्र के लिए इस्पात उत्पादन के महत्व को रेखांकित करते हुए प्रभावित लोगों एवं प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम में श्री केपी सिंह, अधिशासी निदेशक, पैलेट प्लांट भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
“लोगों की सुरक्षा और कल्याण एनएमडीसी की सर्वोच्च प्राथमिकता”
एनएमडीसी के निदेशक (कार्मिक) श्री कृष्ण कुमार ठाकुर ने कहा,
“हमारे परिचालन क्षेत्रों और आसपास के लोगों की सुरक्षा एवं कल्याण एनएमडीसी के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है। राज्य सरकार से अनुरोध प्राप्त होते ही हमने राहत कार्यों के लिए आवश्यक स्पीड बोट की व्यवस्था हेतु तत्काल संसाधन जुटाए। एनएमडीसी वर्तमान बाढ़ की स्थिति से निपटने में जिला प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने तथा प्रभावित लोगों तक समय पर सहायता पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।”
आपदा प्रतिक्रिया क्षमता को मिलेगा तत्काल बल
अनुरोध प्राप्त होने के 48 घंटे के भीतर चार स्पीड बोट उपलब्ध कराकर एनएमडीसी ने जिला प्रशासन की बाढ़ एवं आपदा प्रतिक्रिया क्षमता को तत्काल मजबूत करने में सहयोग दिया है। इन संसाधनों की उपलब्धता से बाढ़ प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों को अधिक प्रभावी और समयबद्ध तरीके से संचालित करने में सहायता मिलेगी।
एनएमडीसी अपने परिचालन क्षेत्रों एवं स्थानीय समुदायों के हित में राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन के साथ निरंतर समन्वय से कार्य करती रही है। कंपनी आपात परिस्थितियों में आवश्यक सहयोग प्रदान करने तथा स्थानीय समुदायों की सुरक्षा, कल्याण एवं आपदा-प्रतिरोधी क्षमता को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों की रही प्रमुख उपस्थिति
कार्यक्रम में श्री पदनाम नायक, जनपद अध्यक्ष, श्री अर्जुन सेठिया, जनपद सदस्य, श्रीमती गीतांजली नागेश, सरपंच करनपुर, श्री भुवनेश्वरी बघेल, सरपंच भेजापदर, श्रीमती उमाकांतो बघेल, सरपंच नगरनार, श्रीमती चंपा बाई, पूर्व सरपंच, श्री सीमांचल दास, श्रीमती गीता मिश्रा, श्रीमती वेदवती कश्यप एवं सुश्री हेमेश्वरी नाग, जनपद सदस्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
