November 25, 2026

छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल ने दो निर्माण एजेंसियों को किया ब्लैकलिस्ट

images (66)

रायपुर, 25 नवंबर 2026. शासकीय निर्माण कार्यों में ढिलाई बरतने और तय समय पर काम पूरा न करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल ने कड़ा रुख अपनाया है. काम में गंभीर लापरवाही के चलते मंडल ने दो निर्माण एजेंसियों—मेसर्स विनायक इंफ्रास्ट्रक्चर और मेसर्स सार्थक ट्रेडर्स—को ब्लैकलिस्ट (काली सूची में दर्ज) करने का आदेश जारी कर दिया है.

कहां और क्या थी लापरवाही? कोरबा जिले के तीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों—रंजना (विकासखंड कटघोरा), उतरदा (विकासखंड पाली) और पसान (विकासखंड पोड़ी उपरोड़ा)—में आवासीय भवनों का निर्माण किया जाना था. अनुबंध की शर्तों के मुताबिक, इन दोनों एजेंसियों को यह काम 9 महीने की समय-सीमा में पूरा करना था.

हालांकि, निर्माण कार्य की रफ्तार बेहद सुस्त रही और ठेकेदारों की अनदेखी के कारण प्रोजेक्ट बुरी तरह प्रभावित हुआ. इस पर मंडल ने दोनों एजेंसियों को ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी कर जवाब तलब किया था. तय समय में संतोषजनक स्पष्टीकरण न मिलने और काम के प्रति लगातार उदासीनता को गंभीरता से लेते हुए मंडल ने नियमानुसार यह सख्त कदम उठाया. इसके तहत ‘ब-वर्ग’ ठेकेदार मेसर्स विनायक इंफ्रास्ट्रक्चर (CGeR12820) और ‘द-वर्ग’ ठेकेदार मेसर्स सार्थक ट्रेडर्स (CGeR20160) को काली सूची में डाल दिया गया है.

गुणवत्ता और जवाबदेही पर कोई समझौता नहीं: अध्यक्ष मंडल के अध्यक्ष श्री अनुराग सिंह देव ने दो टूक कहा कि सरकारी निर्माण कार्य सीधे तौर पर आम जनता की सुविधाओं और जनहित से जुड़े होते हैं. ऐसे कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही, बेवजह देरी या गुणवत्ता से समझौता कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. हर एजेंसी का यह दायित्व है कि वह अनुबंध की शर्तों के अनुरूप समय पर और बेहतर गुणवत्ता के साथ काम पूरा करे. जनहित के कामों में कोताही बरतने वालों पर आगे भी ऐसी ही कठोर कार्रवाई जारी रहेगी.

अधिकारियों को भी सतत निगरानी के निर्देश वहीं, मंडल आयुक्त श्री अवनीश कुमार शरण ने कहा कि निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग और समयबद्ध क्रियान्वयन ही विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है. ठेकेदारों को तय समय-सीमा, गुणवत्ता और अनुबंध के नियमों का सख्ती से पालन करना होगा. उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को भी निर्देश दिए हैं कि वे निर्माण कार्यों की लगातार निगरानी करें और अपनी जवाबदेही सुनिश्चित करें, ताकि भविष्य में इस तरह की देरी न हो.

Share with