28 नवंबर को आयोजित होगा ‘जीवनदाता परिवार सम्मान 2026’, अंगदान करने वाले परिवारों का होगा सम्मान
इंदौर के एक होटल में दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित होने वाले इस समारोह में अंग एवं टिश्यू दान करने वाले परिवारों को विशेष सम्मान दिया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य अंगदान को सामाजिक जागरूकता और मानवीय संवेदना से जोड़ते हुए इस नेक पहल को व्यापक जनभागीदारी तक पहुंचाना है।
सम्मान समारोह में तीन श्रेणियां रखी गई हैं। ‘जीवनदाता परिवार सम्मान’ अंग या टिश्यू दान करने वाले परिवारों के लिए, ‘जीवन प्रेरणा सम्मान’ अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने वाले लोगों के लिए और ‘जीवन सारथी सम्मान’ अंगदान एवं प्रत्यारोपण प्रक्रिया में अहम भूमिका निभाने वाले डॉक्टरों, सर्जनों, काउंसलर्स, ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर्स, अस्पतालों और मेडिकल टीमों के लिए होगा। सम्मानित व्यक्तियों एवं संस्थानों का चयन सर्वेक्षणों से प्राप्त जानकारी और आंकड़ों के आधार पर विशेषज्ञों की टीम करेगी।
2030 का भारत के संस्थापक एवं कार्यक्रम के सूत्रधार अतुल मलिकराम ने कहा कि अंगदान केवल चिकित्सा प्रक्रिया नहीं, बल्कि मानवता और संवेदनशीलता का प्रतीक है। किसी व्यक्ति के जाने के बाद भी उसके अंग कई लोगों को जीवन दे सकते हैं। उन्होंने अंगदान का निर्णय लेने वाले परिवारों के साहस और उदारता को समाज के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि इस आयोजन के माध्यम से जागरूकता बढ़ाने और अंगदान को व्यापक सामाजिक अभियान बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस पहल में नीलेश मुले और एमएससी एजेंसी इंडिया का भी योगदान है। आयोजकों के अनुसार, मध्य प्रदेश में अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने की अभी काफी आवश्यकता है और ऐसे आयोजनों के जरिए समाज में सकारात्मक सोच विकसित की जा सकती है।
गौरतलब है कि 2030 का भारत शून्य भुखमरी, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा जैसे सतत विकास लक्ष्यों पर काम कर रहा है। संस्था शिक्षकों के सशक्तिकरण के लिए टीचर्स एम्पावरमेंट प्रोग्राम चलाने के साथ कैदियों के पुनर्वास की दिशा में भी प्रयासरत है।
