Russia-Ukraine: काला सागर में मोस्कवा के बाद एक और रूसी युद्धपोत तबाह! यूक्रेनी सांसद का दावा- समुद्र के देवता ले रहे बदला

Russian Warship In Black Sea : अगर मकारोव पर हमले की खबरें सच हैं तो यह यूक्रेन युद्ध में रूस के लिए सबसे बड़ा झटका है। हाल ही में रूस का महाशक्तिशाली युद्धपोत मोस्कवा क्षतिग्रस्त होने के बाद काला सागर में समा गया था।

कीव : यूक्रेन में रूसी सेना को लगातार झटके पर झटके मिल रहे हैं। अभी मोस्कवा युद्धपोत की जलसमाधि से रूस ठीक से उबरा भी नहीं था, खबर आ रही है कि यूक्रेन ने एक और रूसी युद्धपोत को निशाना बनाया है। यूक्रेनी सांसद ने दावा किया है कि रात के अंधेरे में यूक्रेन ने एक रूसी युद्धपोत पर हमला किया। उन्होंने कहा कि काला सागर में पुतिन का एक अत्याधुनिक युद्धपोत (फ्रिगेट) ‘मुश्किल में’ है। काउंसिल ऑफ ओडेसा के प्रमुख ओलेक्सी गोंचारेंको ने अपने टेलीग्राम चैनल पर इसकी जानकारी दी है।
ओडेसा में ही यूक्रेन का सबसे बड़ा नौसैनिक अड्डा मौजूद है। डेलीमेल की खबर के अनुसार गोंचारेंको ने अपने टेलीग्राम चैनल पर एडमिरल मकारोव के क्षतिग्रस्त होने का दावा किया है। 500 मिलियन डॉलर (38 अरब रुपए) का यह फ्रिगेट सिर्फ पांच साल पहले ही रूसी नौसेना के बेड़े में शामिल हुआ है। उन्होंने कहा कि बीती रात युद्धपोत मुश्किलों में फंस गया। यूक्रेनी सांसद ने स्थानीय मीडिया की कुछ रिपोर्ट पोस्ट कीं जिसमें दावा किया गया कि स्नेक आइलैंड के पास यूक्रेन की मिसाइलों ने युद्धपोत पर हमला किया।
कुछ अपुष्ट रिपोर्ट बता रही हैं कि रेस्क्यू जहाज और विमान रूस के काला सागर में सबसे बड़े बंदरगाह सेवस्तोपोल से निकल चुके हैं। अगर मकारोव पर हमले की खबरें सच हैं तो यह यूक्रेन युद्ध में रूस के लिए सबसे बड़ा झटका है। हाल ही में रूस का महाशक्तिशाली युद्धपोत मोस्कवा क्षतिग्रस्त होने के बाद काला सागर में समा गया था। रूसी नौसेना का गाइडेड मिसाइल क्रूजर मोस्कवा (Moskva Ship) काला सागर बेड़े का सबसे शक्तिशाली युद्धपोत था।

‘समुद्र के देवता ले रहे यूक्रेन के अपराधियों से बदला’
गोंचारेंको ने लिखा, ‘रूसी नौसेना का गश्ती फ्रिगेट एडमिरल मकारोव क्षतिग्रस्त हो गया है। समुद्र के देवता यूक्रेन के अपराधियों के बदला ले रहे हैं।’ उन्होंने लिखा, ‘जहाज बुरी तरह बर्बाद हो चुका है लेकिन अभी भी तैर रहा है, फिलहाल।’ रूस और यूक्रेन ने इन दावों की पुष्टि नहीं की है। मकारोव एक एडमिरल ग्रिगोरोविच-क्लास फ्रिगेट है, जो रूसी नौसेना के सबसे नए जहाजों में से एक और काला सागर में संचालित होने वाला सबसे अत्याधुनिक फ्रिगेट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *