बिलासपुर में लौटी ठंड, बढ़ी ठिठुरन:पारा लुढ़ककर 10 डिग्री पहुंचा, न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट, दोपहर में भी कम हुआ टेम्परेचर

बिलासपुर में मौसम में जबरदस्त बदलाव देखने को मिल रहा है। एक दिन पहले ठंड गायब हो गई थी। बुधवार को अचानक ठंड ने कंपकंपी बढ़ा दी है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 14 डिग्री के पार पहुंच गया था। बुधवार रात कड़ाके की ठंड के चलते तापमान में 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। सर्द हवाओं के असर से न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पश्चिमी विक्षोभ के कारण पिछले चार दिनों से जिले में तापमान में वृद्धि हो रही थी। इस बीच अचानक मौसम ने करवट बदला। जिससे ठंड फिर से लौट आई। सुबह की सर्दी में लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। दिन में धूप का आनंद लेने वालों की संख्या में बढ़ोतरी हुई। सुबह के बाद दोपहर में भी लोग गर्म कपड़ों में नजर आए। इस दौरान दोपहर का तापमान 27 डिग्री रहा। 24 घंटे में 4 डिग्री गिरा पारा मंगलवार को दिन और रात का तापमान सामान्य से ज्यादा रहा। रात में न्यूनतम तापमान बीते 24 घंटे के मुकाबले 13.4 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर 14.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था। वहीं, बुधवार को अधिकतम तापमान गिरकर 27 डिग्री पर आ गया। रात में भी सर्द हवाओं के असर से तापमान में जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार की अपेक्षा 4 डिग्री कम तापमान रिकार्ड किया गया। जिसके चलते रात में ठंडी हवाओं से ठिठुरन बढ़ गई। आज भी तापमान गिरावट संभव मौसम वेधशाला के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एचपी चंद्रा ने बताया कि, पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होने के कारण प्रदेश में उत्तर से ठंडी और शुष्क हवाएं आने की संभावना है। जिस कारण अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री गिरावट हो सकती है। इस दौरान सर्द हवाओं के असर से ठंड बढ़ेगी। 10 जनवरी से तापमान में वृद्धि संभव पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होने के कारण प्रदेश में उत्तर से ठंडी और शुष्क हवाओं का प्रवेश शुरू हो गया है, जिसके कारण न्यूनतम तापमान में और गिरावट होने की संभावना है। इसके बाद 10 से एक बार फिर न्यूनतम तापमान में वृद्धि संभावित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *