शादी के बाद ससुराल पहुंची दुल्हन को घरवालों ने किया पुलिस के हवाले, जानिए आखिर क्या था मामला

दरअसल यह मामला लुटेरी दुल्हन से जुड़ा है। लेकिन इस केस में दुल्हन कुछ लूट पाती उससे पहले ही उसका भेद खुल गया और उसे जेल जाना पड़ा। जालौर पुलिस ने बताया कि सोहनसिंह ने थाना सरवाना पर मामला दर्ज कराया।

आमतौर पर शादी के बाद पहली बार ससुराल पहुंचने पर दुल्हन का जोरदार स्वागत सत्कार किया जाता है। लेकिन राजस्थान के जालौर जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां दुल्हन के ससुराल पहुंचते ही उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आइए जानते हैं आखिर क्या रही इसके पीछे वजह।

पांच लाख में हुई शादी
दरअसल यह मामला लुटेरी दुल्हन से जुड़ा है। लेकिन इस केस में दुल्हन कुछ लूट पाती उससे पहले ही उसका भेद खुल गया और उसे जेल जाना पड़ा। जालौर पुलिस ने बताया कि परिवादी सोहनसिंह ने थाना सरवाना पर मामला दर्ज करवाया कि मुराद खां निवासी दांतिया ने पांच लाख रुपए लेकर उसकी शादी गणपतसिंह निवासी डीसा (गुजरात) के साले की लड़की से करवाना तय किया। परिवादी ने पुलिस को बताया कि तय रकम देने के बाद आरोपियों ने उसकी शादी किसी दूसरी लड़की से करवा दी।

मुंह दिखाई की रस्म से खुली पोल
पुलिस ने बताया कि 26 मई को शादी के बाद सोहनसिंह अगले दिन अपनी दुल्हन को लेकर गांव पहुंचा। इस दौरान गांव की औरतें मुंह दिखाई की रस्म के लिए वहां पहुंचीं। इन महिलाओं ने दुल्हन से फोटो खिंचाने के लिए घूंघट हटाने को कहा। जैसे ही दुल्हन ने घूंघट हटाया, उसकी असलियत सामने आ गई। सोहनसिंह ने बताया कि मुराद खान और गणपतसिंह ने जिस लड़की की तस्वीर उसे दिखाई थी, यह वो दुल्हन नहीं थी। इसके बाद सोहनसिंह ने पुलिस को बुलाया और मामला दर्ज करवाया।

जांच में निकली लुटेरी दुल्हन
पुलिस ने बताया कि सोहनसिंह के परिवाद के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की गयी। इस दौरान सोहनसिंह को ब्याही गई लड़की ने बताया कि उसका नाम हिना पत्नी रफीक खान, निवासी हिम्मतनगर है। लड़की ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उसे तीस हजार रुपए दिए थे। इसलिए उसने सोहनसिंह के साथ शादी कर ली। पुलिस ने जांच के बाद हिना को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *