बकरीद से पहले चोरी हुआ कुर्बानी का बकरा, मुफीजा की गुहार पर देवरिया के डीएम ने दिखाई दरियादिली

यूपी के देवरिया के रामपुर कारखाना क्षेत्र में बकरीद पर कुर्बानी के लिए मुफीजा बेगम का पाला हुआ बकरा चोरी हो गया। उन्‍होंने डीएम के जनता दरबार में गुहार लगाई। डीएम ने उन्‍हें दूसरा बकरा दिला दिया।

बकरीद में कुर्बानी के लिए पाला गया महिला का बकरा चोरी हो गया तो देवरिया के डीएम जितेन्‍द्र प्रताप सिंह ने उसे दूसरा बकरा दिला दिया। मुफीजा बेगम डीएम की इस दरियादिली की मुरीद हो गई हैं। उसके मुताबिक उसने थाने में बकरा गायब होने की शिकायत की थी। गायब हुआ बकरा तो एक महीने बाद भी नहीं मिला लेकिन डीएम से मिलकर यह बात बताई तो उन्‍होंने दूसरा बकरा दिला दिया।

देवरिया के रामपुर कारखाना क्षेत्र में रहने वाली मुफीजा बेगम का कहना है कि 21 जून की शाम वह बकरे को घर के मेन गेट के चैनल में बांधकर कुछ काम से अंदर गईं थीं। इसी दौरान उनका बकरा चोरी हो गया। गांव के लोगों ने उन्‍हें बताया कि बाइक सवार 2 चोर बकरे को चुराकर अपने साथ ले गए।

मुफीजा, बकरा चोरी की शिकायत लेकर रामपुर कारखाना थाने पर पहंचीं लेकिन पुलिस भी बकरे का कुछ पता नहीं लगा पाई।

इसके बाद उन्‍होंने डीएम से जनता दरबार में गुहार लगाई। रोती-बिलखती मुफीजा की बातें सुनकर डीएम देवरिया ने अपनी ओर से मुफीजा के लिए दूसरे बकरे का इंतजाम करा दिया। साथ ही बकरीद की शुभकामनाएं भी दीं। मुफीजा ने उसकी कुर्बानी देकर बकरीद मनाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *