‘हमेशा सही फैसले लेते हैं शिंदे, मुख्यमंत्री बनते देखना चाहते हैं उन्हें’; बगावती नेता के गांव वाले बोले

शिंदे ने खुद को मुंबई से सटे ठाणे-पालघर क्षेत्र में प्रमुख शिवसेना नेता के रूप में स्थापित किया। ठाणे शहर के कोपरी-पछपाखड़ी के मौजूदा विधायक जनहित के मुद्दों के प्रति आक्रामक रुख के लिए जाने जाते हैं।

महाराष्ट्र में चल रहे राजनीतिक उथल-पुथल के केंद्र में रहने वाले एकनाथ शिंदे के गांव वाले उन्हें मुख्यमंत्री के तौर पर देखना चाहते हैं। सतारा जिले के डेरे गांव के निवासी शिवसेना नेता को ‘जनता का आदमी’ के रूप में याद करते हैं। कुछ को लगता है कि वह हमेशा सही फैसला लेते हैं। करीब 80 घरों वाले गांव के लोगों का कहना है कि वे शिंदे के साथ मजबूती से खड़े हैं और उन्हें जल्द ही राज्य का मुख्यमंत्री बनते देखना चाहते हैं।

58 वर्षीय शिंदे सतारा के रहने वाले हैं। उन्होंने खुद को मुंबई से सटे ठाणे-पालघर क्षेत्र में एक प्रमुख शिवसेना नेता के रूप में स्थापित किया है। ठाणे शहर के कोपरी-पछपाखड़ी के मौजूदा विधायक जनहित के मुद्दों के प्रति आक्रामक रुख के लिए जाने जाते हैं। कोयना नदी के किनारे बसे डारे गांव के स्थानीय निवासियों ने कहा कि वे शिंदे का तहे दिल से समर्थन करते हैं। यह गांव वाई-महाबलेश्वर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है।

‘शिंदे साहब के साथ हम मजबूती से खड़े’
रूपेश शिंदे ने कहा, “हम शिंदे साहब के साथ मजबूती से खड़े हैं। उनके जैसा कोई दूसरा व्यक्ति नहीं है। वह हर घर तक पहुंचते हैं और गरीबों व जरूरतमंदों की मदद करते हैं। हमारी शुभकामनाएं हमेशा उनके साथ हैं। नेता अक्सर अपने पैतृक स्थान का दौरा करते हैं और आखिरी बार गांव में एक महीने पहले आए थे।”

’35-40 वर्षों से लोगों की मदद कर रहे शिंदे’
एक दूसरे स्थानीय निवासी ने कहा, “शिंदे साहब के काम और योगदान ने हमें उनके प्रति अपने प्यार और कृतज्ञता को व्यक्त करने के लिए प्रेरित किया। शिंदे साहब का हर निर्णय उचित है और एक गांव के रूप में हम उनके साथ हैं।” एक अन्य ग्रामीण संपत शिंदे ने बताया कि शिंदे पिछले 35-40 वर्षों से लोगों की मदद कर रहे हैं। अच्छा समय हो या बुरा, वह हमेशा लोगों के साथ रहते हैं। वह गरीबों और जरूरतमंदों की समस्याओं को हल करने के लिए आगे बढ़ते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed