September 16, 2026

गुढियारी में डीजे बजाने पर विवाद, थाने में भी हंगामा, भाजयुमो नेता पर दबंगई का आरोप

15_09_2026-150902_m
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। रायपुर के गुढ़ियारी थाना परिसर में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिला उपाध्यक्ष शुभांकर द्विवेदी द्वारा जमकर हंगामा किया गया और तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना ने एक बार फिर राजनीतिक रसूख और पुलिस प्रशासन के बीच के तनाव को उजागर कर दिया है, जहां सत्ता से जुड़े लोग कानून को अपने हाथ में लेने से भी गुरेज नहीं कर रहे हैं।
घटना की शुरुआत तब हुई जब गुढ़ियारी थाना पुलिस क्षेत्र में नियमों का उल्लंघन कर डीजे बजाने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही थी। प्रशासन और शासन द्वारा डीजे बजाने के लिए एक निश्चित समय-सीमा तय की गई है, जिसका उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश हैं। पुलिस ने नियम तोड़ने वाले एक व्यक्ति पर कार्रवाई की और उसे थाने लाया था। लेकिन यह कार्रवाई युवा मोर्चा के नेता शुभांकर द्विवेदी को रास नहीं आई।

कार्रवाई रुकवाने का बनाया दबाव

सूत्रों के मुताबिक, शुभांकर द्विवेदी अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंचे और पुलिस पर कार्रवाई रोकने का भारी दबाव बनाने लगे। उन्होंने पुलिसकर्मियों से संबंधित व्यक्ति को तुरंत छोड़ने और मामले को रफा-दफा करने की जिद पकड़ ली। जब पुलिस ने कानून सम्मत कार्रवाई जारी रखने की बात कही, तो मामला और अधिक गर्मा गया।

आक्रोश में की गई तोड़फोड़

बातचीत और बहस के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि युवा मोर्चा के नेता अपना आपा खो बैठे। आक्रोश में आकर उन्होंने थाना परिसर के भीतर ही तोड़फोड़ शुरू कर दी। बैठक कक्ष का टीवी तोड़ दिया गया। इस घटना के बाद से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है और आगे की कानूनी कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।