छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में मिला राष्ट्रीय गौरव, ‘राम-नामी’ को सर्वश्रेष्ठ डॉक्यूमेंट्री का सम्मान : मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय
रामनामी समाज की अनूठी परंपरा हमारी लोक संस्कृति की अमूल्य धरोहर है: मुख्यमंत्री श्री साय
रायपुर, 19 जुलाई 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ के अद्वितीय रामनामी समुदाय की समृद्ध विरासत पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘राम नामी’ को 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में ‘सर्वश्रेष्ठ डॉक्यूमेंट्री’ का राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात बताया है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए फिल्म के निर्देशक श्री भरतबाला गणपति और पूरी टीम को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति, आध्यात्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत की एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय स्तर की मान्यता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रामनामी समुदाय की अनूठी परंपरा भारत की भक्ति, समर्पण और सांस्कृतिक मूल्यों का जीवंत प्रतीक है। इस डॉक्यूमेंट्री ने इस विरासत को प्रभावी ढंग से देश और दुनिया के सामने प्रस्तुत किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने विश्वास व्यक्त किया कि यह सम्मान छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं, आदिवासी और लोक समुदायों की सांस्कृतिक विरासत और राज्य की सांस्कृतिक विविधता को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
