मंत्री के करीबी सरपंच पति की नदी में मिली लाश, शरीर पर मिले चोट के निशान, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में संदिग्ध परिस्थितियों में सरपंच पति की लाश नदी में मिली है। मृतक के शरीर पर चोट व घसीटने के निशान मिले हैं। ऐसी आशंका है कि उसकी हत्या कर लाश नदी में फेंकी गई है।

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में संदिग्ध परिस्थितियों में सरपंच पति की लाश नदी में मिली है। मृतक के शरीर पर चोट व घसीटने के निशान मिले हैं। ऐसी आशंका है कि उसकी हत्या की गई है। गोताखोरों ने 5 घंटे की मशक्कत के बाद सरपंच पति के शव को नदी से बाहर निकाला है। परिवार के सदस्य और ग्रामीण हत्या की आशंका जता रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अब पीएम रिपोर्ट आने के बाद यह पता चल जाएगा कि सरपंच पति की मौत कैसे हुई है। मृतक सरपंच पति कृषि मंत्री रविंद्र चौबे का काफी करीबी भी था। घटना लिटिया-सेमेरिया थाना चौकी क्षेत्र का है।

थाना-चौकी प्रभारी सोमेश सिंह ने बताया कि ग्राम डोड़की व शिवकोकड़ी की सरपंच बीनाबाई निषाद के पति कौशल निषाद (55 वर्ष) की लाश नदी में मिली है। कौशल ने सुबह 9 बजे अपनी पत्नी बीनाबाई को नहाने के लिए जाने की बात कहकर घर से निकला था। दोपहर 12 बजे तक वह घर नहीं लौटा तब  परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। नदी के किनारे परिवार के लोगों को उसका कपड़ा और चप्पल पड़ा मिला। घरवालों ने नदी के आसपास काफी खोजा, लेकिन वह कहीं नहीं मिला। गांव के लोगों और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पुलिस की टीम भी गांव पहुंची।

5 घंटे की तलाश के बाद मिली लाश
लिटिया थाना की पुलिस ने SDRF को सूचना देकर गोताखोरों को बुलवाया। नदी में लगभग 5 घंटे तक सर्चिंग अभियान चलाया गया, जिसके बाद कौशल निषाद की लाश नदी में मिली। मृतक के शरीर में चोट के निशान मिले हैं। कौशल के नाक से खून भी निकल रहा था। सीने में किसी डंडे या किसी भारी चीज से मारने के निशान हैं। शरीर पर घसीटने के भी निशान मिले हैं। प्रथम दृष्टया पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह पता चल जाएगा कि मौत कैसे हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *