गरियाबंद : जिले के प्रभारी सचिव श्री गुप्ता ने किया धान खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण

गरियाबंद जिले के प्रभारी सचिव श्री हिमशिखर गुप्ता ने बुधवार को राज्य शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर की जा रही धान खरीदी का पहले ही दिन जायजा लिया। जिले के पाण्डुका व पोंड उपार्जन केन्द्रों में धान खरीदी का जायजा लेते हुए किसानों से रूबरू चर्चा कर जानकारी ली, साथ ही इन केन्द्रों में निर्धारित स्टेकिंग बनाने के निर्देश दिये। प्रभारी सचिव द्वारा किसानांे को समझाईश दी गई कि शासन द्वारा पर्याप्त बारदाने की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने समिति प्रबंधकों को पहले छोटे किसानों को प्राथमिकता देते हुए टोकन जारी करने के निर्देश दिये है। इसके अलावा स्टेकिंग, ड्रेनेज और तीरपोलिंन की व्यवस्था रखने कहा गया है। उन्होंने किसानों से धान को सूखाकर विक्रय हेतु लाने कहा। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री निलेशकुमार क्षीरसागर , जिला पंचायत सदस्य श्रीमती लक्ष्मी साहू  , राजिम एस.डी.एम श्री अविनाश भोई, छुरा एस.डी.एम श्रीमती शीतल बंसल, खाद्य, मार्कफेड  विभाग के अधिकारी भी मौजूद थे। पाण्डुका उपार्जन केन्द्र का निरीक्षण करते हुए श्री गुप्ता ने किसानों से चर्चा की और टोकन की जानकारी तथा धान खरीदी केंद्रों में आवश्यक व्यवस्था की जानकारी ली। ग्राम पाण्डुका के किसान मंगलु दास ने बताया कि उनके पास 4 एकड़ खेती है, जिसमें आज धान विक्रय हेतु टोकन मिला है। श्री गुप्ता ने मौके पर मॉस्चर मशीन से धान की नमी मापी, जो औसतन सही पाया गया।

पाण्डुका समिति प्रबंधक श्री धर्मेन्द्र साहू ने बताया कि यहां अभी तक 20 हजार बारदाना प्राप्त हुआ है तथा कुल आज 32 किसानों का टोकन काटा गया है। यहां 1479 किसान धान विक्रय हेतु पंजीकृत किये गये है। इस वर्ष 54 हजार क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य रखा गया है। ग्राम पोंड उपार्जन केन्द्र में श्री गुप्ता ने किसानों से चर्चा कर शासन की धान खरीदी नीति के बारे में अवगत कराया। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा बारदाने के पर्याप्त व्यवस्था की जा रही है। यहां 20 हजार बारदाना प्राप्त हो चुके है। आज यहां 850 क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य रखा गया है एवं 26 किसानों का टोकन काटा गया है और कुल 1168 किसानों का पंजीयन किया गया है। तत्पश्चात गरियाबंद कृषि उपज मंडी का निरीक्षण करते हुए यहां आवश्यक तैयारियों का जायजा लेते हुए शासन द्वारा निर्धारित नीति के तहत धान खरीदी के निर्देश दिये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *