गरियाबंद : कलेक्टर ने किया छुरा,परसदा,पाटसिवनी,अकलवारा धान उपार्जन केन्द्रों का निरीक्षण

कलेक्टर श्री निलेशकुमार क्षीरसागर ने दूसरे दिन छुरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम छुरा, परसदाखुर्द, पाटसिवनी और अकलवारा उपार्जन केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल, एस.डी.एम श्रीमती शीतल बंसल, नायब तहसीलदार कुसुम प्रधान, खाद्य, विपणन के अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

कलेक्टर ने उपार्जन केन्द्रों में व्यवस्थाओं का अवलोकन कर जायजा लिया। समिति प्रबंधक ने बताया कि प्रतिदिन खरीदी के अनुसार टोकन जारी किया जा रहा है। कलेक्टर ने टोकन पर्याप्त संख्या में जारी करने के निर्देश दिये है। निरीक्षण के दौरान बारदाने की उपलब्धता की जानकारी ली गई। प्रबंधकों ने बताया कि अभी दस दिन तक बारदाने की उपलब्धता है। कलेक्टर ने किसानों से रूबरू चर्चा कर जानकारी ली, साथ ही इन केन्द्रों में शासन द्वारा निर्धारित प्रारूप में स्टेकिंग बनाने के निर्देश दिये। बारदानो में लगाये जा रहे स्टेंसील को स्पष्ट अवलोकन योग्य लगाने के निर्देश दिये है। उन्होंने नये धान खरीदी केन्द्र परसदाखुर्द में किसानों से बात की। यहां 02 लेयर में अस्थायी चबूतरा बनाने के निर्देश दिये है। उन्होंने समिति प्रबंधकों को पहले छोटे किसानों को प्राथमिकता देते हुए टोकन जारी करने के निर्देश दिये है। इसके अलावा स्टेकिंग, ड्रेनेज और तीरपोलिंन की पर्याप्त व्यवस्था रखने कहा गया है।

कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान धान की गुणवत्ता नाप कर उनकी नमी को देखा। उन्होंने किसानो के आशंका पर भरोसा दिलाया कि किसान निश्चिंत होकर धान विक्रय करें। सभी पंजीकृत किसानों का धान निर्धारित समय पर खरीदा जायेगा। उन्होंने जारी टोकन के अनुसार ही मंडी में धान लाने का आग्रह किया ताकि सुचारू व्यवस्था बनाई जा सके। उन्होंने बताया कि अभी बारदाने की पर्याप्त व्यवस्था है। ज्ञात है कि जिले में 80 उपार्जन केन्द्रों के माध्यम से धान खरीदी की जा रही है। पहले दिन कुल 1357 किसानों को टोकन जारी किया गया था। जिसमें 45188 क्विंटल धान की खरीदी की गई। कलेक्टर द्वारा प्रत्येक केन्द्रों के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है जो प्रत्येक दिन निरीक्षण कर रिपार्ट प्रस्तुत करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *