केंद्रीय मंत्री बोले- महाराष्ट्र में देखना चाहता हूं ब्राह्मण सीएम, अजीत पवार का पलटवार

केंद्रीय मंत्री रावसाहेब पाटिल दानवे ने परषुराम जयंती के मौके पर कहा था कि वह एक ब्राह्मण को महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बनते देखना चाहते हैं। इसपर अजीत पवार ने पलटवार किया।

केंद्र में रेल राज्य मंत्री रावसाहेब पाटिल दानवे ने कहा कि वह चाहते हैं कि महाराष्ट्र में कोई ब्राह्मण मुख्यमंत्री बने। उनके बयान पर पलटवार करते हुए महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने कहा कि किसी भी लिंग, जाति या धर्म का व्यक्ति मुख्यमंत्री बन सकता है। जिसके पास 145 विधायकों का समर्थन होगा वही मुख्यमंत्री बनेगा।

बता दें कि केंद्रीय मंत्री ने यह बयान ब्राह्मण समुदाय द्वारा आयोजित एक रैली में दिया था। जालना में परषुराम जयंती के मौके पर यह जनसभा आयोजित की गई थी। रैली में वहां के पदाधिकारियों ने यह मांग रखी कि निकाय चुनावों में ब्राह्मणों को ज्यादा प्रतिनिधित्व दिया जाना चाहिए।

सीनियर भाजपा नेता ने कहा, मैं सिर्फ यह नहीं चाहता कि ब्राह्मण पार्षद या निकाय चुनाव में आगे बढ़े बल्कि मैं ब्राह्मण को राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहता हूं। दानवे ने कहा कि वह इस साल उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में चुनाव प्रचार में शामिल हुए थे। राजनीति में जातिवाद का बोलबाला है। इसे अनदेखा नहीं किया जा सकता है। लेकिन एक ऐसा नेता होना चाहिए जो सभी को एक कर दे।

दानवे के बयान पर जब मीडिया ने अजीत पवार से सवाल किया तो उन्होंने कहा, कोई भी मुख्यमंत्री बन सकता है। चाहे वो थर्ड जेंडर का हो या फिर किसी भी धर्म, जाति का हो। कोई महिला भी मुख्यमंत्री बन सकती है बस उसे 145 विधायकों का बहुमत चाहिए होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *