धनोरा में विकास की नई बहार: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी 132.69 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात, ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ का भी किया शुभारंभ
कोण्डागांव/रायपुर, 23 नवंबर 2026
कोण्डागांव जिले के सुदूर वनांचल ग्राम धनोरा में सोमवार को विकास, परंपरा और आत्मनिर्भरता का एक नया अध्याय जुड़ गया। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने धनोरा प्रवास के दौरान जिले को 132 करोड़ 69 लाख 43 हजार रुपये की लागत के 49 विभिन्न विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी, जिनका उन्होंने लोकार्पण, भूमिपूजन और शिलान्यास किया। इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 2.50 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का लोकार्पण और स्थानीय किसानों की उपज को वैश्विक व संगठित बाजार से जोड़ने के लिए ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ ब्रांड की शुरुआत रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की प्राथमिकता विकास की किरण को प्रदेश के अंतिम छोर पर बसे गांव और हर एक परिवार तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि दूरस्थ अंचलों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराना, किसानों को उनकी मेहनत का सही दाम दिलाना और ग्रामीण महिलाओं को रोजगार के नए अवसरों से जोड़ना ही सरकार का मुख्य ध्येय है। स्थानीय संसाधनों और पारंपरिक कृषि को आधुनिक अवसरों से जोड़कर ही एक समृद्ध छत्तीसगढ़ गढ़ा जा सकता है।
56 गांवों के हजारों ग्रामीणों को मिलेगी स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधा धनोरा में 2 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से तैयार हुए नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भवन के शुरू होने से आसपास के 56 गांवों के लगभग 56 हजार ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा। अब इस क्षेत्र के निवासियों को सामान्य बीमारियों के इलाज, स्वास्थ्य जांच या आपातकालीन चिकित्सा के लिए मीलों दूर जिला मुख्यालय की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। इस केंद्र के शुरू होने से विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को समय पर इलाज मिल सकेगा, जिससे ग्रामीणों के समय और धन दोनों की बचत होगी।
‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ से बदलेगी 730 किसानों की तकदीर वनांचल के किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ ब्रांड का शुभारंभ किया। इस पहल के जरिए ग्राम बेचा, किलम, कड़ेनार और मंदोड़ा के करीब 730 किसानों द्वारा पारंपरिक और जैविक पद्धति से उगाए गए धान को एक संगठित बाजार मिलेगा। ये किसान लंबे समय से बिना रासायनिक खाद के प्राकृतिक रूप से धान की खेती कर रहे हैं, लेकिन बाजार तक सीधी पहुंच न होने के कारण उन्हें उचित मूल्य नहीं मिल पाता था। अब जिला प्रशासन की पहल पर इस धान का संग्रहण, ग्रेडिंग और आकर्षक पैकेजिंग कर इसे प्रीमियम ब्रांड के रूप में बेचा जाएगा, जिससे बिचौलियों की भूमिका खत्म होगी और मुनाफे का सीधा लाभ किसानों को मिलेगा।
महिला सशक्तिकरण की मिसाल बनेंगी ‘बिहान’ की दीदियां इस परियोजना की सबसे खास बात यह है कि इसमें ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता को केंद्र में रखा गया है। छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के अंतर्गत ‘उड़ान प्रोड्यूसर महिला कृषक कंपनी’ को धान के संग्रहण से लेकर प्रसंस्करण, गुणवत्ता नियंत्रण, पैकेजिंग और विपणन तक की पूरी जिम्मेदारी सौंपी गई है। स्व-सहायता समूह की महिलाओं की इस सक्रिय भागीदारी से न केवल उन्हें उद्यमिता के नए अवसर मिलेंगे, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी।
आस्था और संस्कृति का सम्मान: पेन खण्डा मुदिया के किए दर्शन अपने प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने बाजार पारा स्थित कोनगुड़ परगना के प्रमुख आराध्य ‘पेन खण्डा मुदिया’ के मंदिर पहुंचकर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। बस्तर अंचल के 84 गांवों की गहरी आस्था के केंद्र पेन खण्डा मुदिया को स्थानीय मान्यताओं में ‘18 जिलों के राजा’ के रूप में पूजा जाता है। मुख्यमंत्री ने बस्तर की इस समृद्ध जनजातीय संस्कृति को छत्तीसगढ़ की अनमोल धरोहर बताते हुए इसके संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
इससे पूर्व, धनोरा आगमन पर आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों ने पारंपरिक साफा बांधकर मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया। इस गरिमामय आयोजन में वन मंत्री श्री केदार कश्यप, स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप, कांकेर सांसद श्री भोजराज नाग, कोण्डागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी, केशकाल विधायक श्री नीलकंठ टेकाम सहित बस्तर आईजी श्री बी.एन. मीणा, कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना, एसपी श्री पंकज चन्द्रा और बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि व ग्रामीण उपस्थित रहे।
