दो बहनों की बेहरमी से कर दी हत्या , पैतृक संपत्ति को लेकर चल रहा था विवाद

जांजगीर: जांजगीर जिले में दो सगी बहनों की हत्या कर दी गई। दोनों बहनों के शव शुक्रवार सुबह खेत में मिले हैं। वहीं उनको पानी में डुबोकर मारा गया है। दोनों बहनें एक दिन पहले काम करने के लिए गई थीं, इसके बाद से उनका पता नहीं था। आशंका जताई जा रही है कि मायके में चल रहे संपत्ति के विवाद के चलते दोनों को मारा गया है। फिलहाल पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामला नवागढ़ थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, तेंदुआ गांव निवासी संतोषी बाई कश्यप (45) और आपी बाई (40) सगी बहनें थीं। दोनों रोज की तरह गुरुवार को भी सेमरा गांव के दादर स्थित खेत में काम करने के लिए गई थीं। इसके बाद नहीं लौटीं। इसके बाद से ही परिजन दोनों की तलाश कर रहे थे। अगले दिन सुबह जब वे खेत में देखने गए तो वहां दोनों बहनों के थोड़ी दूरी पर शव पड़े हुए थे। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को इसकी सूचना दी।

पुलिस को दोनों के शरीर पर कहीं भी चोट के निशान नहीं मिले हैं।  दोनों की दम घुटने से मौत होने की आशंका है। ऐसे में पुलिस को अंदेशा है कि खेत में काम करने के दौरान पीछे से पकड़ कर उनके सिर पानी में डुबो दिए गए। पानी में दम घुटने से ही उनकी मौत हो गई। हत्यारे ने दोनों को संभालने का भी मौका नहीं दिया। इसके चलते कहीं भी संघर्ष के निशान नहीं हैं। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

दोनों ही बहनों की शादी राधेश्याम कश्यप से हुई थी। बताया जा रहा है कि बड़ी बहन संतोषी बाई से कोई संतान नहीं होने के चलते राधेश्याम ने 5 साल छोटी बहन आपी बाई से भी शादी कर ली थी। अभी तक कि जांच में पता चला है कि दोनों बहनों के मायके में पैतृक संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। उस संपत्ति में दोनों बहने भी हिस्सेदारी मांग रही थीं। इसी विवाद के चलते दोनों महिलाओं के भाइयों पर हत्या का संदेह है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *