सगाई के लिए पूरी तरह तैयार नहीं थे ऋषि कपूर! नीतू सिंह से इन हालातों में हुई थी एक्टर की मंगनी

ऋषि कपूर और नीतू कपूर की जोड़ी बॉलीवुड इंडस्ट्री की बेस्ट जोड़ियों में से एक गिनी जाती रही है। दोनों की प्रेम कहानी भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं थी। मिलने से लेकर प्रपोज करने और शादी करने तक के कई मजेदार किस्से ऋषि कपूर ने बयां किए थे। ऋषि कपूर और नीतू कैसे मिले थे, फिर दोनों के बीच गहरी दोस्ती और कैसे एक दूसरे के प्यार में दोनों गिरे थे इस बारे में भी सब जगजाहिर है।

ऐसे ही एक बार ऋषि कपूर ने बताया था कि एक्टर अपनी मंगनी के लिए तैयार नहीं थे, वह तो जानते भी नहीं थे कि उनकी उस दिन सगाई होने वाली है। इस वाकया का जिक्र करते हुए एक बार ऋषि कपूर ने रजत शर्मा के शो आपकी अदालत में इस बात का जिक्र किया था।

ऋषि कपूर ने बताया था- ‘हमारे पेशे में कभी-कभी काम करते करते दिल तो आ ही जाता है, अब देखो घायल तो मैं भी हूं, मैंने भी अपना दिल काम करते करते ही दे दिया था। दिल्ली में ही मंगनी हुई थी। मैं दिल्ली आया था किसी और की मंगनी के लिए लेकिन चुपचाप से लोगों ने मेरी मंगनी इसके साथ करा दी। इसे कहते हैं किस्मत।’

नीतू कपूर ने एक बार ऋषि कपूर की एक बुरी आदत का जिक्र किया था। उन्होंने बताआ था कि ऋषि कपूर उन्हें बात बात पर टोकते थे और इसी कारण शुरू में वो उन्हें पसंद नहीं करती थीं। बीबीसी को दिए एक इंटरव्यू में नीतू कपूर ने बताया था कि दोनों का तकरार प्यार में कैसे बदला। उन्होंने बताया था, ‘मैं पहली बार उनसे आरके स्टूडियो में मिली थी जहां बॉबी की शूटिंग चल रही थी। लेकिन हमारी ठीक से जान पहचान जहरीला इंसान के सेट पर हुई।’

बताते चलें, नीतू और ऋषि ने कई फिल्मों में साथ काम किया। फिल्म के सेट पर अक्सर दोनों में नोक-झोक हो जाया करती थी। फिर एक वक्त आया जब दोनों को एक दूसरे से प्रेम हो गया। जिसके बाद दोनों की लव स्टोरी ने खूब सुर्खियां बटोरी थी। साल 1980 में नीतू और ऋषि ने शादी करली थी। इसके बाद जब नीतू 21 साल की हुईं तब वो पहली बार मां बनी थीं। ऋषि और नीतू के दो बच्चे हैं-ऋद्धिमा और रणबीर कपूर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *