September 20, 2026

मानसून की विदाई के बीच देश में आफत की बारिश: MP में उफनते नाले में कार बहने से 8 मौतें, छत्तीसगढ़ में आकाशीय बिजली का कहर

images (6)

देश से मानसून की वापसी की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, लेकिन कई राज्यों में बारिश से जुड़ी दुर्घटनाएं और प्राकृतिक आपदाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड में बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

मध्य प्रदेश: नाले में कार बहने से 8 लोगों की मौत मध्य प्रदेश के आगर-मालवा जिले में शनिवार को मूसलाधार बारिश के चलते एक उफनते नाले में कार बह गई। इस हादसे में कार सवार सभी 8 लोगों की मौत हो गई, जिनमें ओडिशा के एक ही परिवार के 7 सदस्य शामिल थे। ये सभी श्रद्धालु उज्जैन में महाकालेश्वर मंदिर के दर्शन करने के बाद नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी मंदिर की ओर जा रहे थे।

छत्तीसगढ़: बिजली गिरने से 4 की जान गई, कई जिलों में अलर्ट छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में शनिवार को अलग-अलग स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने से 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य लोग झुलसकर घायल हो गए। मौसम विभाग ने राज्य में आगे भी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। रायपुर, दुर्ग, बेमेतरा, बालोद, कबीरधाम, राजनांदगांव और बीजापुर जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तराखंड: केदारनाथ मार्ग पर लैंडस्लाइड से थमी यात्रा उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ पैदल मार्ग पर चिरबासा के पास पहाड़ी से लगातार लैंडस्लाइड और भारी पत्थर गिरने के कारण प्रशासन को एहतियातन यात्रा रोकनी पड़ी। यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया गया और मार्ग साफ होने के बाद सुबह 9 बजे यात्रा फिर से बहाल की गई।

राजस्थान से मानसून की विदाई शुरू मौसम विभाग के अनुसार, सामान्य तारीख (17 सितंबर) से दो दिन की देरी के बाद 19 सितंबर से पश्चिमी राजस्थान से मानसून की वापसी शुरू हो गई है। आगामी 3 से 4 दिनों में पंजाब, सौराष्ट्र और कच्छ के इलाकों से भी मानसून विदा हो जाएगा, जिससे इन क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी।

You may have missed