September 19, 2026

DUSU चुनाव मतगणना: प्रेसिडेंट पद पर NSUI के विजय आगे, वाइस प्रेसिडेंट पर निर्दलीय उम्मीदवार की मजबूत बढ़त

DU छात्रसंघ चुनाव काउंटिंग, प्रेसिडेंट पद पर NSUI आगे:सेक्रेटरी पद पर ABVP की रिया, वाइस प्रेसिडेंट और जॉइंट सेक्रेटरी पर निर्दलीय उम्मीदवार को बढ़त

दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ (DUSU) चुनाव के वोटों की गिनती नॉर्थ कैंपस स्थित यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स स्टेडियम के मल्टीपर्पज हॉल में जारी है। चार राउंड की मतगणना पूरी होने के बाद प्रेसिडेंट पद पर NSUI के उम्मीदवार विजय शंकर मीणा 4,469 वोट हासिल कर शीर्ष पर चल रहे हैं, जबकि ABVP के यश डबास 4,204 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। हालांकि पहले राउंड में ABVP के यश डबास 1,503 वोटों के साथ आगे थे और NSUI के विजय शंकर को 1,191 वोट मिले थे, लेकिन दूसरे राउंड से NSUI ने जो बढ़त बनाई, वह चौथे राउंड तक कायम रही।

वाइस प्रेसिडेंट, सेक्रेटरी और जॉइंट सेक्रेटरी पद का हाल

वाइस प्रेसिडेंट पद पर निर्दलीय प्रत्याशी दीपांशु शौकीन 5,624 वोट प्राप्त कर भारी मतों के अंतर से आगे चल रहे हैं। पूर्व में NSUI से जुड़े रहे दीपांशु ने पार्टी से टिकट न मिलने पर निर्दलीय मैदान में उतरने का फैसला किया था। वहीं सेक्रेटरी पद पर ABVP की रिया छावड़ी 3,648 वोटों के साथ बढ़त बनाए हुए हैं, जबकि जॉइंट सेक्रेटरी पद पर छात्र सभा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार विशेष यादव 3,077 वोटों के साथ आगे हैं।

40.46% रहा मतदान प्रतिशत

उल्लेखनीय है कि DUSU चुनाव के तहत शुक्रवार को विश्वविद्यालय के 52 कॉलेजों में वोट डाले गए थे। इस बार कुल 1,51,519 पंजीकृत छात्र मतदाताओं में से 61,312 छात्रों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिससे कुल वोटिंग प्रतिशत 40.46% दर्ज किया गया।

You may have missed