6 महीने से मरने की बात कर रही थीं संचिता:दोस्त गीतांजली का दावा; रवि किशन बोले- सुसाइड सबसे बड़ा पाप, मोक्ष नहीं मिलता
एक्ट्रेस संचिता उगले के सुसाइड केस में उनकी दोस्त गीतांजलि ने दावा किया है कि एक्ट्रेस पिछले 6 महीनों से आत्महत्या की बात कर रही थीं। उन्होंने टेली टॉक्स से बातचीत में कहा है, अगर कोई इंसान कई महीनों से कह रहा है कि उसकी मौत सुसाइड से होगी, तो ये अचानक नहीं है।
पिछले 6 महीनों से वो कह रही थी कि वो मरना चाहती है और जीना नहीं चाहती। आगे उन्होंने कहा, वो डिप्रेशन में थी, ‘मेरे ख्याल से ये जनवरी से शुरू हुआ। वो 5-5 दिन नहीं सोती थी।’
वहीं सांसद रवि किशन ने भी इस केस पर रिएक्शन दिया है। उन्होंने आत्महत्या को सबसे बड़ा पाप कहा है। इसी बीच AICWA (ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन) के प्रेसिडेंट ने एक्ट्रेस के सुसाइड मामले पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से हाई-लेवल जांच की मांग की है।
रवि किशन ने पीटीआई से बातचीत में संचिता उगले केस पर कहा, ‘आज कल बच्चे बहुत सुसाइडल हो जाते हैं। कल एक हमारी कलाकार थीं 22 साल की उन्होंने सुसाइड कर लिया। इसलिए अध्यात्म, पूजापाठ जरूरी है। सुख-दुख आते रहेंगे। कोई व्यक्ति नहीं जिसे चिंतन नहीं, लेकिन जिंदा भी रहना है ना। सुसाइड सबसे बड़ा पाप है, मोक्ष भी नहीं मिलता। जो भी आत्महत्या करता है उसकी आत्मा यहीं भटकती रहती है। क्योंकि उसने अपने निर्धारित समय पर प्राण नहीं त्यागा। वही आत्मा बनकर प्रेत-पिशाच बनकर घूमते हैं।’
फिल्म एसोसिएशन ने की हाई-लेवल जांच की मांग
AICWA (ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन) के प्रेसिडेंट सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को एक लेटर लिखकर संचिता उगले सुसाइड केस में स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम बनाकर हाई-लेवल जांच की मांग की है।
को-स्टार मेघा शर्मा ने डिप्रेशन की पुष्टि की
संचिता की को-स्टार मेघा शर्मा ने भी बताया कि संचिता पिछले कुछ समय से डिप्रेशन से जूझ रही थीं और उनका इलाज चल रहा था। हालांकि पुलिस ने साफ किया है कि फिलहाल इन चैट्स को सीधे तौर पर सुसाइड से जोड़कर देखना जल्दबाजी होगी। पुलिस अधिकारी संचिता के करीबी लोगों और सह-कलाकारों के बयान दर्ज कर रहे हैं।