मेसी ने फुटबॉल वर्ल्डकप में क्रिश्चियानो रोनाल्डो का रिकॉर्ड तोड़ा:हैट्रिक गोल करने वाले सबसे उम्रदराज फुटबॉलर बने, 11 इंटरनेशनल हैट्रिक लगा चुके
अर्जेंटीना के स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेसी ने बुधवार को फुटबॉल वर्ल्ड कप में पुर्तगाल के क्रिश्चियानो रोनाल्डो का रिकॉर्ड तोड़ दिया। अल्जीरिया के खिलाफ उन्होंने 3 गोल मारे। अब वे फुटबॉल वर्ल्ड कप में हैट्रिक लगाने वाले सबसे उम्रदराज प्लेयर बन गए है। यह वर्ल्ड कप में मेसी की पहली हैट्रिक भी है।
रोनाल्डो ने 2018 वर्ल्डकप में 33 साल की उम्र में रूस के खिलाफ हैट्रिक गोल किए थे। अब मेसी ने 38 साल की उम्र में ऐसा करके रोनाल्डो का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। मेसी की यह हैट्रिक खास मौके पर आई है। उन्होंने 2006 में 17 जून को ही फीफा वर्ल्ड कप में अपना पहला मैच खेला था।
38 साल के मेसी ने अल्जीरिया के खिलाफ 17वें, 60वें और 76वें मिनट में गोल दागे। वे 78 मिनट के बाद मैदान से बाहर चले गए। मेसी के इस दमदार प्रदर्शन से अर्जेंटीना ने ग्रुप-जे के मुकाबले में अल्जीरिया को 3-0 से हराया। मेसी अब तक 11 इंटरनेशनल हैट्रिक लगा चुके हैं। मैच अमेरिकी शहर कैनसस सिटी के एरोहेड स्टेडियम में खेला गया।
मेसी ने फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे ज्यादा 16 गोल के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। यह रिकॉर्ड जर्मनी के मिरोस्लाव क्लोज के नाम था।
5 वर्ल्ड कप में गोल करने वाले दूसरे खिलाड़ी
मेसी 5 अलग-अलग वर्ल्ड कप में गोल करने वाले दुनिया के दूसरे फुटबॉलर बने हैं। पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो भी यह कारनामा कर चुके हैं।
मेसी ने 200वां मैच खेला
मेसी ने अल्जीरिया के खिलाफ शुरुआती मिनटों में गोल कर मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना को 1-0 की बढ़त दिलाई। यह मुकाबला मेसी के इंटरनेशनल करियर का 200वां मैच भी था।
उनका इंटरनेशनल करियर 2005 में 18 वर्ष की उम्र में शुरू हुआ था। उनसे ज्यादा मैच केवल पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो और कुवैत के बदर अल-मुतावा ने खेले हैं।
पहले हाफ में ऑफ साइड के कारण 2 गोल रद्द
अर्जेंटीना-अल्जीरिया मुकाबले की शुरुआत तेज रही। मेसी और अल्जीरिया के फारिस शाइबी, दोनों के गोल ऑफसाइड के कारण रद्द कर दिए गए। इसके बाद मेसी ने 30 गज दूर से गेंद हासिल की, डिफेंडर को छकाया और शानदार कर्लिंग शॉट लगाकर अर्जेंटीना को बढ़त दिला दी।
पहले हाफ में अल्जीरिया ने अर्जेंटीना को ज्यादा मौके नहीं दिए। हालांकि, एलेक्सिस मैक एलिस्टर का एक हेडर क्रॉसबार के ऊपर चला गया। दूसरी ओर अल्जीरिया के अनिस हद्ज मौसा ने भी मौका बनाया, लेकिन गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज ने आसानी से उसे रोक लिया।
दूसरे हाफ में छाए मेसी, 3 गोल दागे
ब्रेक के बाद मेसी लगातार अर्जेंटीना के हमलों का केंद्र बने रहे। पहले उन्होंने दूर से शॉट लगाया और फिर लाउतारो मार्टिनेज को शानदार पास दिया। उनका दूसरा गोल तब आया जब मैक एलिस्टर के तेज शॉट को गोलकीपर लुका जिदान पूरी तरह नियंत्रित नहीं कर सके।
मेसी ने मौके का फायदा उठाते हुए रिबाउंड पर गेंद को गोल में पहुंचा दिया। इसके बाद उन्होंने अपने चिर-परिचित अंदाज में बॉक्स के बाहर से कर्लिंग शॉट लगाकर हैट्रिक पूरी की और स्टेडियम में मौजूद अर्जेंटीनी समर्थकों को जश्न मनाने का मौका दे दिया।
मेसी ने आज के दिन डेब्यू किया था, अब छठा वर्ल्ड कप खेल रहे हैं मेसी अपने करियर का रिकॉर्ड छठा वर्ल्ड कप खेल रहे हैं। उन्होंने 20 साल पहले आज ही के दिन सर्बिया एवं मोंटेनेग्रो के खिलाफ मुकाबले से वर्ल्ड कप में डेब्यू किया था। हाल ही में मेसी हैमस्ट्रिंग की मामूली चोट से जूझ रहे थे, लेकिन टूर्नामेंट से पहले आइसलैंड के खिलाफ अभ्यास मैच में उन्होंने वापसी के संकेत देते हुए पेनल्टी पर गोल किया था।
कैनसस सिटी में दिखा ‘मेसी-मेनिया’
अर्जेंटीना की टीम के कैनसस सिटी पहुंचने के बाद से ही शहर में मेसी को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। मैच के दिन हजारों प्रशंसक मेसी की नंबर-10 जर्सी पहनकर स्टेडियम पहुंचे।
डाउनटाउन क्षेत्र में आयोजित वॉच पार्टी में भी मेसी के सम्मान में विशेष आयोजन किए गए। उनके नाम के नारे पूरे मुकाबले के दौरान गूंजते रहे। मेसी की इस अचीवमेंट ने एक बार फिर उन्हें फुटबॉल इतिहास के महानतम खिलाड़ियों की बहस के केंद्र में ला खड़ा किया है।
ऑस्ट्रिया की वर्ल्ड कप में 36 साल बाद पहली जीत: जॉर्डन को 3-1 से हराया
सैन फ्रांसिस्को में खेले गए ग्रुप के दूसरे मुकाबले में ऑस्ट्रिया ने जॉर्डन को 3-1 से हरा दिया। यह उसकी फीफा वर्ल्ड कप में 1990 के बाद पहली जीत है। उसने आखिरी बार 19 जून 1990 को अमेरिका को 2-1 से हराया था। ऑस्ट्रिया ने 1998 के बाद पहली बार वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई किया है। जॉर्डन अपना पहला वर्ल्ड कप खेल रहा है।
ऑस्ट्रियाई टीम के लिए रोमानो श्मिड ने 21वें मिनट में पहला गोल दागा। इसके बाद जॉर्डन के अली ओलवान ने 50वें मिनट में गोल कर मैच 1-1 से बराबर कर दिया। हालांकि, 76वें मिनट में जॉर्डन के ही याज़ान अल अरब के ओन-गोल (आत्मघाती गोल) और मैच के आखिरी पलों (90+12वें मिनट) में मार्को अरनौटोविच द्वारा पेनल्टी पर किए गए गोल की बदौलत ऑस्ट्रिया ने मैच अपने नाम कर लिया।
अर्जेंटीना आज के मुकाबले के बाद ग्रुप-जे के पॉइंट्स टेबल में पहले स्थान पर है। उसका अगला मुकाबला 22 जून को ऑस्ट्रिया से है। अल्जीरिया की टीम अपने अगले मैच में जॉर्डन से भिड़ेगी।